भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले में शनिवार की रात तेज बारिश होने के कारण भांसी थाना के नीचे पुल के पास घंटों रोड जाम हो गया। बता दें दंतेवाड़ा से बैलाडीला तक सड़क निर्माण चल रहा है भांसी थाना के नीचे नाले में नया पुल निर्माण हुआ है। पुल से थाना तक सड़क को लेबल करने के लिए मिट्टी डाला गया था, लेकिन बारिश के कारण कीचड़ हो गया और कोई भी बड़ी गाड़ियां नही चढ़ पा रही थी। ऐसे में पूरे ट्रक और बस की लाइन लग गई थी। दोनों ओर से गाड़ियों की लंबी कतार लगने के बाद पुलिस जवानों ने सड़क निर्माण करवा रहे एनसी नाहर कंपनी के जेसीबी के मदद से गिट्टी डलवाकर मार्ग बहाल करवाया। यह जाम क़रीब दो घंटे से अधिक समय तक रहा, बैलाडीला से दंतेवाड़ा तक सड़क पर एक दर्जन से ज्यादा पुल-पुलियों का काम अभी अधूरा है, 3 साल से इस सड़क का काम चल रहा है, सड़क का काम अब पूरा होने को है पर पुलियों का काम अभी अधूरा है, बारिश से पहले सभी पुलों का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो बारिश में एक बार फिर से जगह-जगह दंतेवाड़ा से बैलाडीला तक सड़क पर जाम की स्थित बनेगी। दंतेवाड़ा से बैलाडीला तक की सड़क पीडब्ल्यूडी द्वारा बनवाया जा रहा है, सड़क का काम समय सीमा से काफी विलंब से हो रहा है, सड़क में अब डामर का काम पूरा होने को है पर जल्द बारिश से पहले पुलियों का काम भी पूरा कर लेने की बात ईई एसएल ठाकुर द्वारा कही जा रही है, ये महत्वपूर्ण सड़क 100 करोड़ की लागत से बन रही है।


