लुधियाना में आम आदमी पार्टी के विधायक अशोक पराशर पप्पी ने बुधवार को सड़कों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और डिप्टी मेयर राकेश पराशर के साथ फील्ड गंज इलाके का दौरा किया। विधायक पप्पी ने कहा कि दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़कों पर अवैध कब्जों के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने दुकानदारों से सहयोग की अपील की है। अतिक्रमण नहीं हटाने पर होगी कार्रवाई विधायक ने कहा कि आज कुछ लोगों को समझाइश दी गई है। अगर वे अतिक्रमण नहीं हटाएंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए ताकि आम नागरिकों को आवाजाही में परेशानी न हो।


