अबोहर में पुलिस ने नशा तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। थाना सदर पुलिस ने कल रात दो युवकों को 30.26 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। सहायक थानेदार हरमंदिर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बुर्जमुहार पुल के पास गश्त कर रही थी। टीम ने देखा कि एक बाइक सवार सड़क किनारे खड़े एक युवक को कुछ दे रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गए। एक आरोपी ने अपने हाथ में पकड़ा लिफाफा फेंक दिया और भागने की कोशिश की।पुलिस ने तुरंत दोनों को पकड़ लिया। फेंके गए लिफाफे की जांच की गई तो उसमें से 30.26 ग्राम हेरोइन मिली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजीत नगर निवासी रोहित और शैंपी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।


