भास्कर न्यूज | लुधियाना बाजार में बिजली की तारों को लेकर माली गंज में दुकानदारों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट के गंभीर आरोप लगए हैं और सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया है। फिलहाल दोनों पक्षों की तरफ से थाना डिवीजन नंबर 4 में शिकायत दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। माली गंज,ट्रेडर्ज एसोसिएशन के प्रधान रिंका पासी का कहना है कि बाजार में बिजली की तारें दुकानों के आगे लटक रही थी। उन्होंने विधायक से इस समस्या के बारे में बात की। इसके बाद सोमवार को तारें ठीक करवाई गई। उनका कहना है कि इस दौरान कुछ लोगों की सीसीटीवी कैमरे व बाहर लटक रही कुछ तारें कट गई। उसका आरोप है कि इसे लेकर बॉम्बे फैशन के प्रभदीप ने दुकान पर आकर उसके बेटे को असला दिखाकर धमकाया। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और हाथापाई हुई। रिंका पासी ने दूसरे पक्ष पर मारपीट के आरोप लगाए। जबकि बॉम्बे फैशन के मालिक प्रभदीप का कहना है कि उन पर लगाए आरोप निराधार हैं। उसका कहना है कि दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया और उनके एक दुकानदार का सिर फोड़ डाला। उनका कहना है कि खुद को प्रधान कहने वाले ने आगे की तारें साफ करवा दी, जबकि बाकियों की रहने दी। इसे लेकर थाना डिवीजन नंबर 4 के इंचार्ज दलजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जो बनती कार्रवाई है, वह की जाएगी।


