भास्कर न्यूज | कवर्धा धर्म राजधानी कवर्धा के 27 में से 2 वार्ड अब अपने नए नाम से पहचाने जाएंगे। महबूब शाह दातार वार्ड-13 का नाम बदल कर श्री महर्षि कश्यप वार्ड रख दिया गया है। वहीं बहादुर गंज वार्ड- 21 का नाम बदल कर मां गायत्री वार्ड कर दिया गया है। नगर पालिका परिषद की बैठक में बुधवार को दोनों वार्डों के नाम बदलने का प्रस्ताव पूर्ण बहुमत से पारित हुआ। यह प्रस्ताव परिषद की बैठक में पार्षद मनोज गुप्ता और सुरेन्द्र पांडेय के साथ स्थानीय निवासियों के आवेदन के आधार पर रखा गया था। चर्चा के बाद दोनों वार्डों के नाम बदलने पर सहमति बनी। अब यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि श्री महर्षि कश्यप वैदिक काल के ऋषि थे। उन्हें ब्रह्मा जी का मानस पुत्र माना जाता है। उन्होंने कश्यप संहिता की रचना की, जो आयुर्वेद का महत्वपूर्ण ग्रंथ है। कश्मीर को भी उनके नाम से जोड़ा जाता है। उन्होंने वहीं तपस्या की थी। उनके नाम से वार्ड रखा गया है। बैठक में 27 एजेंडों पर हुई चर्चा, विकास पर दिया जोर नगर पालिका कार्यालय में परिषद की बैठक हुई। बैठक में कुल 27 विषयों (एजेंडों) पर चर्चा हुई। इनमें से 24 विषय सर्वसम्मति से और 3 विषय पूर्ण बहुमत से पारित हुए। बैठक में विकास कार्यों के साथ एक देश एक चुनाव, महिला जिम निर्माण और बेतरतीब होर्डिंग बोर्ड को हटाने जैसे अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। एक देश एक चुनाव का प्रस्ताव बहुमत से पास बैठक में एक देश एक चुनाव के प्रस्ताव को भी बहुमत से पारित किया गया। नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि इससे चुनावी खर्च कम होगा, प्रशासनिक बोझ घटेगा और शासन में सुधार आएगा। विपक्ष के चार पार्षदों ने इसका विरोध किया, लेकिन बहुमत से प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भेजने की स्वीकृति दी गई।


