इंदौर में रविवार को राजवाड़ा पर संतों के नेतृत्व में हिंदू समाज की ओर से एक चेतावनी सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में कई संतों के साथ ही विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। दोपहर में शुरू हुए आयोजन में संत कालीचरणदास महाराज, रामगोपाल दास महाराज सहित हिंदू महासभा, शिवसेना, श्रीराम सेना, राष्ट्रीय बजरंग दल के अलग-अलग प्रदेशों से आए पदाधिकारी शामिल रहे। अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मोदीजी वक्फ बोर्ड को लेकर कानून लेकर आए हैं। देशभर में कुछ संगठन इसके विरोध में सभाएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास 8 लाख वर्ग किमी जमीन है, जबकि भारत में वक्फ बोर्ड के पास 9 लाख वर्ग किमी जमीन है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विरोध किया गया, तो हिंदू समाज भी सड़कों पर उतरेगा। इधर, संत कालीचरणदास महाराज ने कहा, “राम राज्य चाहिए तो राजा राम चाहिए।”


