भास्कर न्यूज | अमृतसर आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत सिंह मान नशे के खिलाफ जंग अभियान के तहत ग्राम सुरक्षा समितियों संग मीटिंग करने के लिए आज गुरुनगरी के दौरे पर रहेंगे। यह वार्ता खालसा कॉलेज में सुबह 11 बजे से आयोजित की जाएगी। इसके अलावा नशे के खिलाफ रैली का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले प्रशासन ने खालसा कॉलेज में सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। एक दिन पहले ही पंडाल व कुर्सियां-पंखों के अलावा सजावट की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। पंडाल में चारों तरफ घेरा किया गया है। इसे अलावा स्टूडेंट्स-टीचर को एंट्री करने के लिए अलग रास्ता तो वीवीआईपी के लिए अलग व्यवस्था की गई है। जिम्नेजियम हॉल के पास एक दीवार को तोड़ दिया गया है। युद्ध नशे विरुद्ध अभियान को लेकर प्रचार-प्रसार करने के लिए फुटपाथ सीएम मान व आप सुप्रीमो केजरीवाल के पोस्टरों से भरा पड़ा है। जगह-जगह पोल के सहारे दोनों सीनियर लीडरों के फोटो व युद्ध नशे विरुद्ध स्लोगन इन पोस्टरों में दिए हुए हैं। इस प्रकार हर जगह प्रचार पोस्टरों की भरमार है।


