अमृतसर| श्री अकालतख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने आज नई पहल करते हुए शिअद अमृतसर द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब पर आयोजित धार्मिक समारोह में शमूलियत की। संभवता गड़गज पहले जत्थेदार हैं जिन्होंने न सिर्फ शिरोमणि अकाली दल बादल से बागी गुट द्वारा गठित शिअद अमृतसर के स्थापना दिवस में शमूलियत की बल्कि पार्टी के प्रधान सिमरनजीत सिंह मान को सिरोपा देकर सम्मानित भी किया। जत्थेदार ने अकालतख्त पर आयोजित इस समारोह में शिअद अमृतसर पार्टी के वर्करों को संबोधित भी किया। उन्होंने एक बार फिर से समस्त अकाली दलों में एकता की गुहार भी लगाई तथा सभी को श्री अकाल तख्त साहिब के झंडे तले एकजुट होने का आह्वान किया।


