भास्कर न्यूज| अमृतसर आप पार्टी के सीनियर लीडर कुलदीप सिंह धालीवाल, कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह के नेतृत्व में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा पंजाब का 8,500 क्यूसेक पानी हरियाणा को दिए जाने के फैसले के विरोध में बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ की कोठी का घेराव किया। लेकिन शहरी इलाके के 5 विधायकों में विधायक डॉ. अजय गुप्ता व डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ही पहुंचे। बाकी 3 विधायक निजी कारणों से नहीं जा पाए। धालीवाल और हरभजन सिंह ने कहा कि बीबीएमबी से हरियाणा को अतिरिक्त पानी देकर केंद्र की भाजपा सरकार ने पंजाब के साथ धोखा किया जा रहा है। हरियाणा को पहले से ही अपना पानी मिल रहा है। किसान पानी की हर बूंद के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, पंजाब के किसानों से बदला ले रही है। विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने कहा कि किसी डेथ केस मामले में जाना था, इसलिए नहीं पहुंच सके। इस मौके पर मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, चेयरमैन बलदेव सिंह मिदियां, शहरी प्रधान मनीष अग्रवाल, चेयरमैन जसप्रीत सिंह, इकबाल सिंह भुल्लर, विक्रमजीत विक्की, बलजिंदर सिंह थांडे, जसकरण बंदेशा, सतपाल सोखी, अनिल महाजन, रोशन सिंह, दलजीत सिंह, डॉ. इंद्रपाल, मुखविंदर विरदी, पार्षद विक्की दत्ता, रविंदर हंस, नरिंदर मरवाहा आदि मौजूद थे। अमृतसर| भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ के हाथी गेट स्थित निवास के बाहर आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। भाजपा ने इसे असंवैधानिक और ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। तरुण चुघ ने कहा कि यह सस्ती राजनीति है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारतीय संस्कृति और गुरुओं की सीख के अनुसार प्रदर्शनकारियों को शीतल जल पिलाया और सम्मान से व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि हम उस भारत के प्रतिनिधि हैं, जहां युद्ध भूमि में भी भाई कन्हैया जैसे संत प्यासों को पानी पिलाते हैं। तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा राजनीति को सेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के पास अब न मुद्दे बचे हैं, न नैतिकता। इसलिए वे अब व्यक्तिगत निवास तक पहुंचकर राजनीति को नीचता की ओर ले जा रहे हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सर्बजीत सिंह शैंटी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र में विश्वास रखते हैं। पानी पिलाने वालों में भाजपा के वरिष्ठ नेता हेमंत मेहरा ‘पिंकी’, शिव कुमार, गौतम उम्मट, कार्तिक महाजन, रोहित कुमार, तरुण, चुनी लाल और अरुण खन्ना शामिल थे। तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता न तो उकसावे में आते हैं, न ही भटकाव की राजनीति करते हैं। हम भारत को जोड़ने वाले लोग हैं, तोड़ने वालों से लड़ने वाले लोग हैं।


