रांची | संत निरंकारी मंडल के भोपाल से आए मध्यप्रदेश के जोनल इंचार्ज महात्मा अशोक कुमार जुनेजा ने धुर्वा सेक्टर-1 के वाइबीएन स्कूल के पीछे पटेल नगर में शुक्रवार को विशेष सत्संग में कहा कि सतगुरु से ब्रह्मज्ञान पाकर ही जीवन की उलझनें दूर होती हैं। संगत को सतगुरु की महिमा की जानकारी देते हुए कहा कि सतगुरु वह है जो सत्य का बोध कराकर तत्वज्ञान प्रदान करता है और मन के सभी भ्रम दूर करता है। उन्होंने बताया कि सतगुरु न केवल सही मार्ग दिखाता है, बल्कि भटकी हुई आत्मा को मंजिल तक पहुंचाने का कार्य भी करता है। उनके अनुसार, सद्गुरु सर्व समर्थवान होता है और उसके समान कोई दूसरा दाता नहीं होता। प्रभु परमात्मा की असीम शक्ति से जुड़ने पर भक्त के जीवन में विशालता, विनम्रता और प्रेम की भावना का विकास होता है। उन्होंने यह भी कहा कि भक्ति का प्रभाव व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ पूरे समाज पर भी सकारात्मक असर डालता है।


