भास्कर न्यूज |लुधियाना थाना डिवीजन नंबर-8 के अधीन 8 महीने पुराने झगड़े के मामले में पुलिस द्वारा 2 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार देर रात घुमार मंडी पुलिस चौकी पर हंगामा हो गया। कांग्रेस पार्टी से पार्षद इंद्रजीत सिंह इंदी ने आरोपियों के परिजनों के साथ चौकी के बाहर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। घुमार मंडी स्थित राधा वल्लभ मंदिर की निवासी ममता कुमारी ने शिकायत दी थी कि 16 जुलाई, 2024 को कुछ लोगों ने उनके घर पर हमला कर तोड़फोड़ की थी और उनके भाई-बहनों के साथ मारपीट की थी। इस मामले में वीरवार को थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने विशाल लहोरिया, सतिंदर लहोरिया, धर्मेंद्र लहोरिया, एनडी चौहान, नीला, साहिल चौहान, मानव चौहान, मोगली, सोनू लहोरिया, मीना, विशाल बागड़, विवेक सूद, साहिल विशाल, सुजल, शिवा, शिवम, सचिन, विक्रांत और हरदीप लहोरिया सहित 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर रात दो आरोपियों को रेड कर गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके परिजन और पार्षद इंद्रजीत सिंह इंदी चौकी पहुंच गए और पुलिस पर एक तरफा कार्रवाई करने के आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। मौके पर माहौल तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।


