आंधी से शेड उड़े, घर उजड़ा सड़कों पर पेड़​ गिरे, खंभे टूटे

भास्कर न्यूज | बालोद द्रोणिका व पश्चिमी विक्षोभ के असर व खाड़ी से नमीयुक्त हवा आने की वजह से शनिवार को शाम 4.35 से 6 बजे तक गरज-चमक के साथ अंधड़ चला। इस दौरान जिले में 2.9 मिमी औसत बारिश हुई। पेड़ गिरने की वजह से स्टेट हाईवे 7 पैरी-सिकोसा और कोहंगाटोला-अर्जुंदा मार्ग पर लगभग 3 घंटे तक आवाजाही बंद रही। सड़क के बीच में ही पेड़ गिरने की वजह से यह स्थिति बनी। जिससे लोगों को परेशानी हुई। आंधी की वजह से नेवारीकला में तालाब किनारे ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गया। गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम कुरदी में होमन साहू के घर का पूरा टीन शेड ही उड़ गया। पूर्व सरपंच संजय साहू ने बताया कि शाम 4.30 से 5 बजे के बीच कुरदी में आंधी आने की वजह से पंचायत कॉम्प्लेक्स, देवांगन ऑटो पार्ट्स सहित घरों मंे लगे टीन के शेड उड़ गए। राजस्व विभाग के पटवारी को सूचना दे दिए हैं। चार पोल के तार टूटने की वजह से बिजली बंद हो गई है। शाम 6 बजे तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो पाई थी। शनिवार को शाम 4.30 से 5.30 बजे के बीच 30 से 35 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। पेड़ गिरने, पोल टूटने और सुरक्षा के लिहाज से बालोद शहर सहित 50 से ज्यादा गांवों में लगभग 2 घंटे तक बिजली बंद रही। बालोद शहर के 20 वार्डों में अलग-अलग समय में बिजली बंद होती रही। कुरदी सहित आसपास गांवों में देर रात तक बिजली व्यवस्था बहाल होने का अनुमान है। सीएसईबी के ईई एसके बण्ड ने बताया कि आंधी तूफान चलने से सुरक्षा के लिहाज से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में बिजली बंद थी। शाम 5.30 बजे के बाद अधिकांश स्थानों मंे व्यवस्था बहाल हो चुकी थी। मई के तीन दिन में 13 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। एक मई को जिले में 10.1 मिमी औसत बारिश हो हुई थी। तब बालोद तहसील में 18.5 मिमी, गुरूर में 3, गुंडरदेही में 4.9, डौंडी में 11.5, डौंडीलोहारा में 6.4, अर्जुन्दा मंे 15.5, मार्रीबंगला देवरी में 11 मिमी पानी गिरा था। जिले के 7 तहसील में ओवरऑल 70.8 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार द्रोणिका व पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। रविवार को धूप-बादल के आसार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *