भास्कर न्यूज़| कोडरमा क्रांतिकारी विचारक और महान दार्शनिक कार्ल मार्क्स की 208वीं जयंती पर सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में मजदूरों का राज हो, मनुष्य द्वारा मनुष्य का शोषण न हो और एक शोषण मुक्त समाजवादी व्यवस्था बने, यही मार्क्सवाद का मूल सिद्धांत है। संजय पासवान ने बताया कि 1848 में एंगेल्स के साथ मिलकर मार्क्स ने कम्युनिस्ट घोषणा पत्र लिखा था। इसे 177 साल हो चुके हैं। उनकी प्रसिद्ध किताब ”पूंजी” को आए 158 साल हो गए हैं। मार्क्सवाद एक वैज्ञानिक दर्शन और विचार है। मार्क्स ने कहा था कि बदलाव अपने आप नहीं होते। इसके लिए ठोस परिस्थितियों का अध्ययन कर ठोस कार्यनीति बनानी होती है।उन्होंने कहा कि दुनिया के कई दार्शनिकों ने समाज की व्याख्या की, लेकिन उसे बदलने का रास्ता मार्क्स ने दिखाया। मार्क्स ने कहा था कि मजदूरों के पास खोने को सिर्फ गुलामी की जंजीरें हैं, लेकिन पाने को पूरी दुनिया है। उन्होंने कहा कि हमें मार्क्सवाद के रास्ते पर चलकर समाजवादी व्यवस्था कायम करनी होगी। जनता की जनवादी क्रांति के लिए हर स्तर पर संगठन बनाना होगा। वैचारिक संघर्ष चलाना होगा। पासवान ने मजदूर वर्ग से अपील की कि मोदी सरकार की तानाशाही और विनाशकारी आर्थिक नीतियों के खिलाफ 20 मई को ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर होने वाली देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाएं।


