भास्कर न्यूज | गिरिडीह 34 महीने पूर्व 7 जुलाई 2022 को अजीडीह चाइना मोड़ से उदनाबाद गांव होकर उसरी नदी पुल तक सड़क को 24 माह में ही तैयार हो जाना था, लेकिन विभाग और ठेकेदार की लापरवाही से 34 महीना बीत गए। उसके बाद भी उदनाबाद गांव के बीच में करीब 1 किलोमीटर सड़क अधूरी है। वहीं सड़क के किनारे नाला तो बनाया गया है, लेकिन पीसीसी की ढलाई नहीं होने से हल्की बारिश होने पर उदनाबाद बाजार तालाब में तब्दील हो जाता है। जबकि इस सड़क से हर वक्त भारी वाहनों का परिचालन क्षेत्र के कई उद्योगों मंे होता है। जिस कारण सड़क लगातार खराब होते जा रही है। खराब सड़क से उड़ने वाली धूल से बाजार के दुकानदार और ग्रामीण काफी परेशान हैं। दरअसल सड़क निर्माण करने वाली कंपनी ने उदनाबाद गांव से ठीक पहले कालीकरण के काम को रोक दिया है। जबकि गांव के बाद उसरी नदी तक सड़क बन कर तैयार हो गई है। िजससे उदनाबाद के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


