जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। गिरफ्तार व्यक्ति अर्पण कुमार दास (27) मिहिजाम के कालीतल्ला का रहने वाला है। उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने उसकी कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। चोरी के एक मामले में शामिल रह चुका है पुलिस के अनुसार, अर्पण थाना क्षेत्र में कोई अपराध करने की योजना बना रहा था। उस पर मिहिजाम थाने में आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में पता चला है कि वह पहले भी सलानपुर थाना में चोरी के एक मामले में शामिल रह चुका है। इस कार्रवाई में मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानन्द दुबे, एस आई गुलशन कुमार सिंह, बृजन राम और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी का अन्य आपराधिक गतिविधियों से भी संबंध है या नहीं।


