फालना श्री राजपुरोहित विकास संघ फालना के तत्वावधान में रविवार को आयोजित 18वें प्रतिभा सम्मान समारोह में राजपुरोहित समाज की 225 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, बैग और पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के आगे दीप प्रज्ज्वलन से हुई, इसके बाद 18वें सम्मान समारोह के सौजन्यकर्ता मोहनसिंह, गणपतसिंह, सुमेरसिंह और शिवतलाव का फालना विकास संघ कार्यकारिणी की ओर से साफा-माला और स्मृतिचिन्ह देकर सम्मान किया गया। इसके बाद 225 राजपुरोहित समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में जिलेभर से विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में आगे आने के लिए किया प्रेरित मुख्य अतिथि आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने अपने उद्बोधन में कहा कि आत्मानन्द जी महाराज ने शिक्षा के क्षेत्र में जागृति लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि जीवन में मनोयोग से पढ़ाई करके सफलता हासिल की जा सकती है और समाज को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना चाहिए। राजपुरोहित विकास संघ फालना के अध्यक्ष मुकेश राजपुरोहित ने कहा कि समाज की उन्नति शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने अपने ढाई साल के कार्यकाल की उपलब्धियां समाज के बीच रखी और छात्रावास के विकास हेतु सोलर प्लांट, गीजर प्लांट, आटा चक्की, हॉल सहित बीस कमरे बनाने की आवश्यकता जताई, साथ ही समाज से सहयोग की अपील की। इस पर समाजबंधुओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया और विभिन्न घोषणाएं की। रिटायर्ड एएसपी ने छात्रों को दी मोटिवेशनल टिप्स पाली सेशन कोर्ट के लोक अभियोजन सुमेरसिंह ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह से बच्चों में शिक्षा की अभिरुचि जागृत होती है। उन्होंने बच्चों से कहा कि सफलता के लिए समय का सही उपयोग जरूरी है, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमसिंह ने छात्रों को मोटिवेशनल टिप्स देते हुए कहा कि कठिनाई से घबराना नहीं चाहिए, सफलता की राह में हार नहीं माननी चाहिए और कोशिश करने से हर समस्या का समाधान होता है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की दी सलाह देसूरी एसएचओ हरिसिंह राजपुरोहित ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक होते हैं और शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और सफलता हासिल करने की सलाह दी। राजपुरोहित छात्रावास फालना में आयोजित इस समारोह में गोडवाड़ क्षेत्र से सैकड़ों समाज बंधुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर श्री राजपुरोहित विकास संघ फालना पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया और शानदार व्यवस्थाओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, राजपुरोहित विकास संघ फालना अध्यक्ष मुकेश राजपुरोहित सोनाणा, समारोह के अध्यक्ष मोहनसिंह शिवतलाव, सुमेरपुर ईओ नरपतसिंह राजपुरोहित, देसूरी एसएचओ हरिसिंह राजपुरोहित, पाली जिला लोक अभियोजक सुमेरसिंह शिवतलाव, नैनसिंह सांकरणा, आईदान सिंह फालना गांव, राजपुरोहित विकास संघ महामंत्री अरविंद सिंह पराखिया, उपाध्यक्ष मूलसिंह श्रीसेला, भवानी सिंह सेसली, अशोक सिंह विंगरला, बाबूसिंह सिन्दरली, सुमेर सिंह आकदड़ा समेत सैकड़ों राजपुरोहित समाज के लोग और विकास संघ कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे।


