माता गुजर कौर और चार साहबजादों की शहादत को समर्पित खंड़वाला पिशोरी नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब से विशाल नगर कीर्तन निकाला। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान मनजीत सिंह के निर्देशों, संगत के सहयोग से पांच प्यारों की रहनुमाई में निकाले नगर कीर्तन के आगे-आगे गतका पार्टी गतका के जौहर दिखा रही थी। सुदंर फूलों से सजी गाड़ी पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पालकी साहिब में विराजमान किया गया। गुरुद्व्रारा साहिब के ग्रंथी साहिब की तरफ से नगर कीर्तन से पहले अरदास की गई। जो बोले सोनिहाल सत श्री अकाल के जयकारों से निकाले नगर कीर्तन में इलाके की कई संगत पहुंची।
गुरुद्वारा से शुरु होकर नगर कीर्तन खंड़वाला बाजार, गुरु गोबिंद सिंह नगर, दशमेश नगर, धक्का कॉलोनी, पुरानी चुंगी, जीटी रोड, अबादी सुंदर नगर, माडल टाउन से होते देर शाम को वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचा। नगर कीर्तन जिन इलाकों से गुजरा वहां संगत द्वारा गुरु साहिब का स्वागत फूलों की वर्षा करके किया। नगर कीर्तन के आगे संगत सेवादारों द्वारा साफ-सफाई की गई। जबकि गुरु साहिब के दर्शनों को रास्ते में खड़े श्रद्धालुओं द्वारा ड्राइफ्रूट वाला गर्म दूध, चाय, कॉफी, जलेबी, पकौड़े और लंगर की विशेष व्यवस्था की गई। हर कोई वाहेगुरु की एक झलक पाने को लालायित दिखाई दिया। इस मौके पर अकाली नेता तरसेम सिंह चंगिआड़ा समेत कई सेवादारों ने मिलकर सेवा निभाई।


