दुमका | शहर के एक स्कूल से सोमवार को छुट्टी के बाद लापता हुई कक्षा छह की दो छात्राएं तीसरे दिन बिहार के बेतिया में मिलीं हैं। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों को ट्रैक किया। देर शाम तक दोनों को दुमका लाया जाएगा। पुलिस सोमवार से ही छात्राओं की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को मोबाइल ट्रैकिंग से पता चला कि दोनों पटना में हैं। इसके बाद नगर थाना की टीम पटना पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से कई जगह छापेमारी की गई, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच छात्राएं पटना से निकलकर बेतिया पहुंच गईं। पुलिस को जब उनकी मोबाइल लोकेशन बेतिया में मिली, तो उस जगह दबिश दी गई। वहां से दोनों को बरामद कर लिया गया है। पुलिस अभी यह नहीं बता रही है कि छात्राओं के साथ कोई युवक था या नहीं। थाना प्रभारी एनके प्रसाद ने बताया कि दोनों छात्राएं सुरक्षित हैं। उन्हें दुमका लाया जा रहा है। यहां पहुंचने के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।


