लुधियाना| सिविल अस्पताल में बुधवार को अत्याधुनिक 8 बेड वाले अपग्रेडेड आईसीयू का उद्घाटन हुआ। इसमें 4 बेड वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ हैं, बाकी 4 बेड एचएफएनओ और बाईपैप सुविधाओं से लैस एचडीयू यूनिट के हैं। उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, हरदीप सिंह मुंडियां, सांसद संजीव अरोड़ा और विधायक अशोक पराशर पप्पी शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने के लिए काम कर रही है। ये आईसीयू गंभीर मरीजों के लिए जीवन रेखा साबित होगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में स्टाफ की कोई कमी नहीं है। हाल ही में 16 नई नियुक्तियां हुई हैं, जिनमें अधिकतर नर्सिंग स्टाफ हैं। सांसद अरोड़ा ने एमपीएलएडी और सीएसआर फंड से इसमें योगदान दिया। आईसीयू यूनिट का काम बाकी था, जो अब पूरा हो गया है। सांसद संजीव अरोड़ा ने कहा कि यह आईसीयू यूनिट सिर्फ इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं, बल्कि समय पर इलाज और जीवन बचाने का वादा है। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि अस्पताल में पहले से 31 वेंटिलेटर हैं। अब नए आईसीयू और एचडीयू सेटअप से आपात स्थिति में बेहतर इलाज संभव होगा। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि यह सुविधा सरकार की स्वास्थ्य सेवा को लेकर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस आईसीयू को स्टरलाइजेशन के बाद 12 अप्रैल से शुरू कर दिया जाएगा।


