विक्की कुमार | अमृतसर ट्रांसपोर्ट विभाग में ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) और अन्य सेवाओं को लेकर लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब ये सेवाएं आम जनता को उनके घरों के नजदीकी सेवा केंद्रों पर भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। सरकार ने इन सेवाओं को सेवा केंद्रों के माध्यम से मुहैया कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सेवा केंद्रों के कर्मचारियों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। सोमवार से ट्रांसपोर्ट विभाग के कर्मचारी सेवा केंद्र के कर्मचारियों को यह ट्रेनिंग देंगे। करीब दो घंटे तक यह ट्रेनिंग चलेगी। सेवा केंद्र के कर्मचारियों को ट्रेनिंग दिए जाने के बाद सरकार के आदेशों पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, रिन्यू कराने और आरसी संबंधित सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। इससे लोगों को आरटीओ ऑफिस की लंबी लाइनों से निजात मिलेगी और एजेंटों के माध्यम से होने वाली ठगी की घटनाओं पर भी लगाम लगेगी। बता दें कि रिजनल ट्रांसपोर्ट आफिस में लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी आदि बनवाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके लिए उन्हें या तो अॉनलाइन खुद आवेदन करना पड़ता था और जो लोग खुद आवेदन नहीं कर पाते थे, उन्हें एजेंटों के माध्यम से ही अपना काम करवाना पड़ता था। एजेंट लोगों से इसके एवज में दोगुना पैसे भी वसूलते थे। सरकार के इस फैसले के बाद लोगों को एजेंटों से छुटकारा मिल जाएगा। यहां यह भी बताना जरूरी है कि जिले में 41 सेवा केंद्र है और इन सभी सेवा केंद्रों पर लोगों को यह सुविधा उपलब्ध होगी और यह सेवा केंद्र लोगों के घरों के आस-पास ही है। शहर व देहाती क्षेत्र में यह सेवा केंद्र फैले हुए है, जिससे आम जनता को काफी हद तक राहत मिल जाएगी। रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (आरटीओ) खुशदिल सिंह संधू का कहना है कि सरकार के निर्देशों पर ही यह सेवा शुरु की जाएगी। अभी तो सेवा केंद्र के कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। सोमवार को 2 घंटे की ट्रेनिंग कर्मचारियों को दी जाएगी। इसके पश्चात सरकार के जो भी आदेश होंगे, उसके तहत ही यह सेवा शुरु कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद यही है कि सरकारी सेवाएं लोगों को बिना परेशानी के मिले। सरकार इसी मकसद के साथ काम भी कर रही है।


