भास्कर न्यूज|बगोदर बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला मोड़ के पास एक पुराने मकान में पशुओं की हत्या कर प्रतिबंधित मांस, हड्डी और चमड़े की तस्करी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 मई की रात करीब 10 बजे की है। पुलिस अधिकारी अमित कुमार के अनुसार वे शाम 4 बजे सशस्त्र बल के साथ गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान सूचना मिली कि तिरला मोड़ के पास एक पुराने मकान में अवैध रूप से पशुओं की हत्या कर मांस, हड्डी और चमड़े का व्यापार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन देखते ही कई लोग भागने लगे। पीछा कर साहेब अली को पकड़ा गया। घटनास्थल से मोईन उद्दीन कुरैशी (42), मुमताज कुरैशी (20), दाउद अंसारी और ट्रक चालक सिकंदर सदर (30), खलासी देवाशीष नोस्को (30) को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी गिरिडीह और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। मौके से एक 710 ट्रक (डब्लूबी19क्यू-6907) , एक टेंपू (जेएच11यू-2778) और एक बाइक जब्त की गई। ट्रक और टेंपू में जानवरों का कच्चा चमड़ा भरा था। मकान से 10 बोरा में करीब 250 किलो हड्डी बरामद हुई। पशु चिकित्सक डॉ. रियाजुल हक को बुलाकर जांच कराई गई। पूछताछ में मोईन उद्दीन ने बताया कि वह, उसका भाई मुमताज, गुरुल अंसारी, बारीक अंसारी, एहसान अंसारी उर्फ गुल्लू और आजाद अंसारी मिलकर रोज पशुओं की हत्या करते हैं। मांस और चमड़ा को कोलकाता भेजते हैं। मकान का किराया आजाद अंसारी लेता है। पकड़े गए आरोपियों से वैध कागजात मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। ट्रक और टेंपू से चमड़े के सैंपल लिए गए। हड्डी का भी सैंपल लिया गया। बाकी जैविक अवशेषों को जंगल में गड्ढा खोदकर दफनाया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मोईन उद्दीन कुरैशी, मुमताज कुरैशी, सिकंदर सदर और देवाशीष नोस्को शामिल हैं। इनके अलावा गुरुल हुड्डा, बारीक अंसारी, एहसान अंसारी उर्फ एहसान कुरैशी, आजाद अंसारी, ट्रक और टेम्पो के मालिकों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को थाना लाया गया है।


