भास्कर न्यूज | चित्तरंजन आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर बाराबनी थाना ने दोमोहानी बाजार के निजी सभागार में रक्तदान शिविर लगाया। इस पहल में जिला ब्लड बैंक ने सहयोग दिया। शिविर में पुलिस अधिकारी, सिविक वालंटियर्स, स्थानीय क्लबों और संगठनों के सदस्य, आम नागरिक शामिल हुए। शिविर में करीब 100 यूनिट रक्त संग्रह हुआ। यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हिरापुर की एसीपी इप्सिता दत्ता रहीं। उनके साथ सर्कल इंस्पेक्टर अशोक सिन्हा महापात्र, बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष असित सिंह, बाराबनी थाने के प्रभारी दिव्येंदु मुखर्जी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसीपी इप्सिता दत्ता ने कहा, रक्तदान एक महादान है, यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। बताया कि पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर हर थाना क्षेत्र में ऐसे शिविर हो रहे हैं। इसका उद्देश्य मानवता की सेवा है। कहा कि इस पहल से समाज के हर वर्ग को जोड़ा जा रहा है। स्थानीय संगठनों, क्लबों, पुलिसकर्मियों, सिविक वालंटियर्स और आम लोगों की भागीदारी से शिविर सफल रहा।


