भास्कर न्यूज | चित्तरंजन चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना स्थित आरपीएफ के लिए गर्व का पल आया। देशभर में आरपीएफ और आरपीएसएफ के 201 अधिकारियों को वर्ष 2024 में डीजी प्रतीक चिन्ह और प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जा रहा है। इनमें चित्तरंजन के तीन अधिकारी भी शामिल हैं। सम्मान पाने वालों में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर प्रवीर कुमार दत्ता और कांस्टेबल सौरभ कुमार का नाम शामिल है। इन तीनों को यह सम्मान यात्रियों की सुरक्षा, कर्तव्यनिष्ठा और रेलवे संपत्ति की रक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला है। यह सूचना 8 मई को चित्तरंजन पहुंची। इसके बाद पूरे कारखाना परिसर और आरपीएफ विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई। रेल प्रशासन ने तीनों अधिकारियों को बधाई दी। कहा कि इनकी उपलब्धि से सीएलडब्ल्यू की साख और सम्मान बढ़ा है। प्रशासन ने कहा कि ये अधिकारी विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं। साथ ही अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। रेलवे प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में और भी अधिकारी इसी तरह समर्पण और कर्तव्यपरायणता से देश सेवा और यात्रियों की सुरक्षा में जुटे रहेंगे। चित्तरंजन आरपीएफ ने हमेशा यात्रियों की सुरक्षा, अनुशासन और रेलवे संपत्ति की रक्षा को प्राथमिकता दी है। यह सम्मान उसी समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि चित्तरंजन आरपीएफ की दक्षता और मेहनत का प्रमाण है।


