भास्कर न्यूज | रायगढ़ नगर के सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल में चल रहे ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन समारोह उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह समर कैंप बच्चों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हुआ, जिसमें उन्होंने न केवल नई-नई कलाएं सीखीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को भी निखारा। समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने नृत्य, गायन, नाटक और योग प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा पेंटिंग, क्राफ्ट, मेंहदी, कुकिंग विदाउट फायर और खेलकूद जैसी गतिविधियों में भी बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मैनेजर सिस्टर सेंशि, सिस्टर टेसी और विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर रिनी उपस्थित रहीं। प्राचार्य सिस्टर रिनी ने कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए और उनकी मेहनत की सराहना की।


