भारत-पाक सीमा के अजनाला सेक्टर से पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने एक सांझे आपरेशन के दौरान चक्क बाला गांव के खेतों से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि .30 बोर की 2 पिस्तौलें, 4 मैगजीन, 30 जिंदा कारतूस, 2 हैंड ग्रेनेड, 2 लीवर डेटोनेटर, एक रिमोट कंट्रोल डिवाइस और चार्जर कमांड मैकेनिज्म, 8 बैटरियां, एक ब्लैक बॉक्स और 972 ग्राम आरडीएक्स बरामद किया है। डीजीपी ने कहा कि भारत-पाक में चल रहे युद्ध जैसे हालातों में जहां बीएसएफ और सेना सीमा पर अपनी कमान संभाले हुए हैं, वहीं पंजाब पुलिस भी लोगों के सहयोग से इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर अपनी पैनी निगाह बना कर आतंकियों के हौसले पस्त करने में जुटी है। जांच की जा रही है कि इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था।


