एससीडी गवर्नमेंट कॉलेज में 3 पंजाब बटालियन बॉयज एनसीसी के तत्वावधान में युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर्नल रोहत खन्ना, कर्नल डडवाल और एसएम कर्नैल सिंह ने किया। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को आपातकालीन स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, नेतृत्व क्षमता को निखारने, अनुशासन बनाए रखने और समन्वय का प्रशिक्षण देना था। ड्रिल के दौरान कैडेट्स ने सीपीआर देने, घायलों को स्ट्रेचर पर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और निकासी प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण अभ्यास किए। इस मौके पर पूर्व कैडेट्स की भी भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम और भी प्रभावशाली बन गया। कैडेट्स ने बेहतरीन टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए युद्ध जैसी परिस्थिति में काम करने की अपनी तत्परता दिखाई। पूर्व कैडेट अंडर ऑफिसर निशांत सहगल ने अभ्यास की जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे प्रशिक्षण न केवल नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जब युवा एनसीसी जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़ते हैं, तो वे हर मोर्चे पर देश की सेवा करने के लिए तैयार रहते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी कैडेट्स ने भारतीय थल, वायु और नौसेना के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे बॉर्डर पर जाकर देश की रक्षा के लिए युद्ध लड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे। युवाओं के इस जोश और संकल्प ने पूरे कॉलेज परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। एनसीसी की इस मॉक ड्रिल को केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में उठाया गया एक सशक्त कदम माना जा रहा है। आयोजन ने यह साबित कर दिया कि अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम के साथ युवा किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।


