प्रतापपुर | पैक्स अध्यक्ष के द्वारा किसानों के धान गबन करने के मामले में चार पैक्स अध्यक्ष के विरूद्ध प्रतापपुर थाना में केस दर्ज कराया गया है। जिसमें व्यापार मंडल प्रतापपुर बिनोद प्रसाद, बभने पैक्स अध्यक्ष पंकज कुमार, जोगिडीह पैक्स अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव एवं चन्द्रीगोविंदपुर पैक्स अध्यक्ष माधुरी देवी पर प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। इनपर कुल 7 करोड़ 26 लाख 50 हजार 856 रुपए का किसानों का धान गबन करने का आरोप लगाया गया है। जिसमें व्यापार मंडल प्रतापपुर पर 9339.76 क्विंटल ,जोगिडीह पैक्स पर 7186.39 क्विंटल, चन्द्रीगोविंदपुर पैक्स केन्द्र पर 3338.82 क्विंटल एवं बभने पैक्स केन्द्र के अध्यक्ष पर 10407.82 क्विंटल कुल मिलाकर 30271.19 क्विंटल धान का गबन करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीन्द्र भगत ने प्रतापपुर थाना को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। डीएसओ ने आवेदन में लिखा है कि ये पैक्स अध्यक्षों के द्वारा फर्जी किसान का इंट्री कर धान क्रय दिखाने,किसानो के धान क्रय कर बाजार में काला बाजारी करने एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बिना आरओ निर्गत के ही धान मिलर को भेजने का आरोप लगाया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रतापपुर पर 2 करोड़ 24 लाख 15 हजार 424 रूपये, बभने पैक्स अध्यक्ष पंकज कुमार पर 2 करोड़ 49 लाख 76 हजार 368 रूपये, जोगिडीह पैक्स अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव पर 1 करोड़ 72 लाख 47 हजार 336 रुपए एवं चन्द्रीगोविंदपुर पैक्स अध्यक्ष माधुरी देवी पर 80, लाख 11 हजार 728 रुपए का धान गबन का आरोप लगाते हुए केस दर्ज किया है। इस संबंध में प्रतापपुर थाना प्रभारी कासिम अंसारी ने बताया कि जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीन्द्र भगत के आवेदन के आलोक में प्रतापपुर थाना कांड संख्या 44/25 में केस दर्ज कर लिया गया है।


