पिछले माह ही मेन रोड में अंकित गुप्ता नामक युवक की कर दी गई थी हत्या भास्कर न्यूज | चतरा शहर में इन दिनों अपराधियों का आतंक अपने चरम पर है। अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि कहीं भी किसी पर गोली चला दे रहे हैं। बीते शाम शहर के बभने में जमीन कारोबारी पाराडीह गांव निवासी बंधू यादव की गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। गंभीर रूप से घायल कारोबारी का इलाज हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। जहां वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। यहां बताते चले की बभने में बंधू यादव को अपराधियों ने उसके घर के बाहर दो गोली मारी है। एक गोली पेट और एक गोली जांघ में लगी है। 22 मार्च को मेन रोड़ में अंकित की कर दी गई थी हत्या : शहर में लगातार अपराधी अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जमीन कारोबारी पर गोलीबारी के पूर्व बीते 22 अप्रैल को शहर के मेन रोड में शहर के दीभा मोहल्ला निवासी अंकित गुप्ता नामक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से थोड़े दिन पहले ही शहर के बाजार टांड में मुकेश कुमार सोनी नामक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया था। लोग उक्त घटनाओं को अभी भूल भी नहीं पाए थे कि एक बार फिर रविवार की शाम शहर में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। जेएमएम नेता सहित आधा दर्जन हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ जमीन कारोबारी बंधू यादव पर गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने जेएमएम नेता बिट्टू गुप्ता, एक होटल व्यवसाई नरेश यादव, मुकेश सोनी, गोल्डेन सोनी, उदय सोनी सहित आधा दर्जन अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि घायल बंधू यादव ने उपरोक्त लोगों का नाम अपने बयान में लिया है। जिसके बाद पुलिस ने देर रात को ही उपरोक्त लोगों को हिरासत में ले लिया था। सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही अपराधियों तक पहुंच जाएगी।


