भास्कर न्यूज | लुधियाना शास्त्री नगर में गुरु तेग बहादुर साहिब चैरिटेबल अस्पताल (सोसाइटी) की करोड़ों की कीमत वाली जमीन पर भू-माफिया की नजर है। पिछले 17 दिनों में तीसरी बार कुछ अज्ञात लोगों ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। हर बार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन्हें खदेड़ा। अब थाना टिब्बा की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह जमीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पीछे और पावर हाउस के साथ लगती है। इसकी देखरेख सोसाइटी के मुख्य प्रबंधक कर्नल रणधीर सिंह कर रहे हैं। {29 अप्रैल को पहली बार कब्जा करने की कोशिश: कर्नल रणधीर सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को सोसाइटी के कुछ लोग जब साइट पर पहुंचे तो देखा कि ताले टूटे हुए थे और कुछ अज्ञात लोग अंदर बैठे थे। पुलिस को सूचना दी गई और पीसीआर मौके पर पहुंची। अज्ञात लोगों को बाहर निकालकर दोबारा ताले लगाए गए। {5 मई को फिर पहुंचे माफिया: कुछ दिन शांति के बाद 5 मई को फिर से वही लोग आए और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। पुलिस को फिर बुलाया गया और उन्हें दूसरी बार खदेड़ा गया। इसके बाद सोसाइटी ने दो सिक्योरिटी गार्ड तैनात कर दिए। {11 मई को तीसरी कोशिश: 11 मई को तीसरी बार फिर कुछ लोग वहां पहुंचे और कब्जा करने की कोशिश की। सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत सूचना दी, जिस पर कर्नल रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया गया। इस बार शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना टिब्बा के एसआई कुलविंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।


