जम्मू कश्मीर से फर्जी लाइसेंस बना हथियार खरीदा, रांची में कर रहा था गनमैन की नौकरी, गिरफ्तार

एसटीएफ बिहार की टीम ने रांची में छापेमारी कर अंतरराज्यीय हथियार तस्कर रामपुकार राय को गिरफ्तार किया है। वह फर्जी आर्म्स लाइसेंस के आधार पर हथियार और गोलियां खरीद कर बिहार में तस्करी करता था। रामपुकार राय, भोजपुर जिले के शाहपुर का रहने वाला है। वह वर्तमान में रांची के करमटोली, सीताकुंज अपार्टमेंट में रह रहा था और रांची में गनमैन की नौकरी कर रहा था। उसके पास से 0.315 बोर की मोडिफाइड रायफल, 83 कारतूस, बीएसएफ का फर्जी आईडी कार्ड, फर्जी सर्विस सर्टिफिकेट, फर्जी आर्म्स लाइसेंस, गोलियों की रसीदें सहित कई अन्य सामान पुलिस ने जब्त किए हैं। रांची के लालपुर थाना में एसटीएफ के दारोगा राजीव कुमार यादव ने जो प्राथमिकी दर्ज कराई है, उसके आधार पर लालपुर थाना की पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। वहीं उसके भाई जयपुुकार राय के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसके अनुसार, 16 अप्रैल 2023 को आरा रेल थाना कांड संख्या 58/23 में गिरफ्तार अभियुक्तों से जब्त हथियारों की जांच में रामपुकार का नाम सामने आया था। जांच में पता चला कि उसने अमृतसर, पंजाब के एस. जसवंत सिंह एंड कंपनी से फर्जी लाइसेंस पर हथियार खरीदे। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एसटीएफ की टीम 7 मई को रांची पहुंची। कोतवाली थाना रांची और जिला शस्त्र पदाधिकारी रांची के सहयोग से रामपुकार के लाइसेंस की जांच की गई। जांच में पता चला कि उसका लाइसेंस जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले से 16 जनवरी 2018 को जारी हुआ था। रामपुकार ने बताया कि उसने अपने भाई जयपुकार राय के सहयोग से एक लाख रुपए में जम्मू-कश्मीर के एक दलाल से फर्जी लाइसेंस बनवाया था। भाई ने बनवाए थे फर्जी कागजात, यूपी से रायफल-गोली खरीदी
गिरफ्तार रामपुकार ने बताया कि झांसी गन हाउस, उत्तरप्रदेश से फर्जी आधार कार्ड और फर्जी नाम संजय तिवारी के नाम पर .315 बोर की रायफल और 50 चक्र गोली खरीदी थी। रामपुकार के कमरे की तलाशी में 0.315 बोर की मोडिफाइड रायफल, 83 कारतूस, बीएसएफ का फर्जी आईडी कार्ड, फर्जी सर्विस सर्टिफिकेट, फर्जी आर्म्स लाइसेंस आदि बरामद हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *