भास्कर न्यूज|रामगढ़ अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर सोमवार को जिले के सदर अस्पताल में समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली सदर अस्पताल की 25 नर्सों को सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद और डीएस डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर संयुक्त रूप से केक भी काटा गया। समारोह के दौरान जिले के सिविल सर्जन ने सभी नर्सों को उनके दायित्वों से अवगत कराया। नर्सों की सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान नर्सों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर मरीजों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा की है। वहीं समारोह को संबोधित करते हुए सदर अस्पताल के डीएस ने भी नर्सों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर से पहले मरीज के परिजन नर्स को ही खोजते हैं। जो नर्सों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा का परिणाम है। इन्हें िकया गया सम्मानित : स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए सदर अस्पताल के रमिला तिर्की, बिरोनोका बारा, सिलबिया जैतून होरो, पूनम आइंद, मोनिका कुमारी, सरिता सोय मुर्मू, जया कुमारी, अल्का बेक, रश्मि केरकेटा, इलीश लकड़ा, एल्सीबा बारा, सिलमनी जारिया, मुक्ति कुलू, शिवानी कंडूलूना, पूनम कुमारी, इंदु कुमारी, शशि कुमारी, निरसू डुंगडुंग और प्रेमी बोडिंग को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।


