रंजिश पर युवक की हत्या, 3 गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | जांजगीर सेमरिया गांव में 10 मई की शाम को एक मामूली विवाद के चलते ग्रामीण की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक किशोर को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। देवी प्रसाद साप्ताहिक बाजार से लौट रहा था, तभी रास्ते में रामेश्वर कश्यप, संजीव कश्यप उर्फ संजू, दूजराम कश्यप और एक किशोर ने मिलकर उस पर डंडा और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में देवी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देवी प्रसाद ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले मोहल्ले में एक शादी थी, जहां देवी प्रसाद चुलमाटी खोदने गया था। इसी दौरान उसका रामेश्वर कश्यप से किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते रामेश्वर ने अपने साथियों के साथ मिलकर देवी प्रसाद की हत्या की साजिश रची। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी रामेश्वर कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रामेश्वर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने संजीव, दूजराम और एक किशोर के साथ मिलकर देवी प्रसाद पर हमला किया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामेश्वर कश्यप (21), संजीव कश्यप उर्फ संजू (22) और दूजराम कश्यप (40) को गिरफ्तार कर लिया। आज, 12 मई को तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि किशोर आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *