भास्कर न्यूज|रामगढ़ रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के गोबरदरहा गांव के शिव मंदिर में मंडा पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहां, भोक्ताओं ने तालाब में स्नान कर नए वस्त्र धारण किया। इसके बाद अंगारों पर नंगे पांव चलकर और बनस झूला पर झूलकर अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। मंडा में भक्तों की शिव भक्ति दिखी। रात में पारंपरिक छऊ नृत्य कार्यक्रम किया गया। मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव मनोज कुमार महतो ने छऊ नृत्य कार्यक्रम का फीता काटकर उद्धाटन किया। समिति के सदस्यों ने अतिथि मनोज महतो को बुके देकर स्वागत किया। यहां मनोज कुमार महतो ने कहा कि मंडा पर्व हमारे राज्य के लोगों के लिए आस्था का एक महत्वपूर्ण पर्व है। पर्व को भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना के लिए मनाया जाता है। भक्त भगवान शिव और माता पार्वती पर अपनी अटूट भक्ति का परिचय देते है। यह पर्व में अच्छी वर्षा और बेहतर फसल के उत्पादन की कामना की जाती है। छऊ नृत्य के कलाकारों ने धार्मिक कथाओं पर नाटक का मंचन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर राजेंद्र महतो, कैलाश महतो, अध्यक्ष नागेश्वर महतो, सचिव कुलेश्वर महतो, कोषाध्यक्ष गणेश महतो, संजीव कुमार महतो, संजय महतो, कमलनाथ महतो, भुनेश्वर महतो, नरेश महतो, रविंद्र कुमार महतो सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।


