भास्कर न्यूज | अंबिकापुर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की सरगुजा इकाई ने सरगुजा जिले में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संगठन के जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री के अंबिकापुर आगमन के एक दिन पूर्व सौंपा गया। ज्ञापन में सरगुजा को आदिवासी बहुल एवं कृषि प्रधान क्षेत्र बताते हुए कृषि विश्वविद्यालय को समय की आवश्यकता बताया गया है। छह सूत्रीय मांगों में यह उल्लेख किया गया कि विश्वविद्यालय की स्थापना से पारंपरिक खेती में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय कृषि प्रणाली में वैज्ञानिक दृष्टिकोण आएगा। इससे फसलों की स्थानीय प्रजातियों की अधिक उपज सुनिश्चित हो सकेगी और किसानों को अनुसंधान आधारित मार्गदर्शन मिलेगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कृषि विश्वविद्यालय क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा तथा युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा, जिससे पलायन की समस्या में भी कमी आएगी। इसके साथ ही यह संस्थान स्थानीय युवाओं को कृषि शिक्षा, प्रशिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल के साथ संगठन के सदस्य राधे अग्रवाल, अभिषेक सोनी, अतुल यादव, सुशील कसेरा के साथ दूसरे लोग उपस्थित रहे।


