धनबाद के बीआईटी सिंदरी में सोमवार की देर रात सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच हिंसक झड़प हो गई। सीनियर छात्रों द्वारा किए गए हमले में आधा दर्जन से अधिक जूनियर छात्र घायल हो गए। यह पूरा मामला फर्स्ट और थर्ड इयर के छात्रों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हॉस्टल के सामान को भी तहस-नहस कर दिया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीनियर छात्रों ने हॉकी स्टिक, लाठी और ईंट से लैस होकर जूनियर छात्रों के हॉस्टल पर धावा बोल दिया। उन्होंने न सिर्फ छात्रों को बेरहमी से पीटा, बल्कि उनके मोबाइल, लैपटॉप और हॉस्टल के अन्य सामान को भी तहस-नहस कर दिया। उपद्रवी दरवाजा तोड़ने पर आमादा थे घटना के दौरान कई जूनियर छात्र अपने कमरों में छिपकर जान बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उपद्रवी दरवाजा तोड़ने पर आमादा थे। सीनियर से बचने के लिए कुछ छात्र जंगलों में शरण लेने को मजबूर हुए। कई छात्रों ने डर से अपने घर जाना बेहतर समझा। घायल एक छात्र ने बताया, सीनियर्स अचानक हमला करने लगे। हमें कुछ समझने या संभलने तक का मौका नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक, यह हमला तीन अलग-अलग राउंड में हुआ और हिंसा का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही हालात पर कुछ काबू पाया जा सका। इस घटना के बाद छात्रों के परिजनों ने जब कॉलेज परिसर का रुख किया, तो उपद्रवी छात्रों ने उनके वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। यह झड़प बच्चों के आपसी विवाद का परिणाम थी। फर्स्ट ईयर के कुछ छात्रों ने बाहरी लोगों को बुलाया, जिन्होंने थर्ड ईयर के तीन छात्रों पर हमला किया। इसके विरोध में सीनियर छात्रों ने प्रतिक्रिया स्वरूप हिंसा की। -डॉ. पंकज राय, के निदेशक, बीआईटी दोषी छात्रों से नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी
प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। निदेशक ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जो छात्र दोषी पाए जाएंगे, उनसे नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी और उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई भी की जाएगी।


