अबोहर में पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिटी वन पुलिस ने आरोपी के पास से 18 हजार प्रीगैबालिन कैप्सूल और 170 ट्रामाडोल गोलियां बरामद की हैं। आरोपी की पहचान ढाणी डंडे वाली के रहने वाले कुलबीर सिंह उर्फ बब्बू के रूप में हुई है। थाना प्रभारी मनिंदर सिंह के नेतृत्व में सहायक थानेदार राजबीर सिंह और पुलिस टीम गोबिंदगढ लिंक रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान एक वरना कार को रोका गया। कार में सवार व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और कार की तलाशी ली। तलाशी में 300 एमजी वाले 18 हजार प्रीगैबालिन कैप्सूल और 170 ट्रामाडोल गोलियां मिलीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 61, 85 के तहत मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही पुलिस ने आरोपी की मां को 30 हजार नशीली गोलियां, 75 ग्राम चिट्टा और 1.75 लाख रुपए की ड्रग मनी के साथ पकड़ा था। उस समय कुलबीर फरार हो गया था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।


