पीपी कंपाउंड में गुरुनानक स्कूल के बगल वाली गली में रांची नगर निगम ने नाली बनाने के लिए लगभग 15 दिन पहले आधी सड़क को 5 फीट गहरा खोदकर छोड़ दिया। यहां पुराने नाले को तोड़ कर नया नाला बनाना है। ठेकेदार ने नाली बनाने के लिए खुदाई करने के बाद मटेरियल गिरा कर छोड़ दिया। इतने दिनों बाद भी काम शुरू नहीं किया। इससे इस गली में रहने वाले लगभग 120 परिवारों के सामने विकट समस्या खड़ी हो गई है। क्योंकि अब उस खोदे गए नाले में गंदा पानी भर गया है। इससे करीब 400 फीट लंबी गली में आने-जाने के लिए मुश्किल से छह फीट चौड़ी सड़क बची है। लोगों ने कहा कि छोटी कार भी सड़क पर निकालें, तो उसके बाद एक बाइक भी नहीं गुजर सकती। एक तरफ से कार आ रही हो तो दूसरी तरफ की गाड़ियों को उसके बाहर निकलने का इंतजार करना पड़ता है। अबतक कई बाइक सवार नाले में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। गली में रहने वाले लोग कैद होकर रह गए हैं और पिछले 15 दिन से यह परेशानी झेल रहे हैं। लेकिन इससे न तो ठेकेदार को मतलब है और न ही नगर निगम काम बंद रहने की मॉनिटरिंग कर रहा है।


