महिला से अश्लील छेड़छाड़ के मामले में नामजद हरिद्वार के महंत रोहित गिरी को थाना डिविजन नंबर 6 की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को लुधियाना पुलिस उसे पकड़कर लुधियाना लाई। वीरवार को महंत को अदालत में पेश किया जाएगा। रोहित गिरी हरिद्वार के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चंडी मंदिर से जुड़े हुए हैं। बता दें कि थाना डिविजन नंबर 6 की पुलिस ने महिला की शिकायत पर महंत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया था। महिला का कहना था कि वह पारिवारिक विवाद का हल करवाने महंत गिरी के पास हरिद्वार गई थी। वहां महंत गिरी ने उसकी मुश्किलों का हल करने के लिए हवन किया। महिला का कहना था कि इसके बाद महंत गिरी लुधियाना आया। उसने उसे मिलने के लिए बुलाया। वह मिलने गई तो महंत उसे कार में बैठाकर सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। बड़ी मुश्किल से वह वहां से भागी। उसने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज किया था।


