भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ बुधवार देर शाम को जैंतगढ़ में जोरदार आंधी पानी से भारी तबाई हुई। कई जगह पेड़ गिर गए। 80 किमी की रफ्तार से तेज हवा के साथ तेज गर्जन और भारी वर्षा होने लगी। दो घंटे तक तेज हवा और गरज के साथ बारिश हुई। बाहरी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस आंधी पानी में कई जगह बड़े-बड़े पेड़ गिर गए। खूंटियापादा माध्यमिक विद्यालय परिसर में एक जामुन का पेड़ गिर गया। उस समय स्कूल में छुट्टी थी। कोई नुकसान नहीं हुआ। जैंतगढ़ में एक मुर्गा फॉर्म की छत उड़ गई। जैंतगढ़ पेट्रोल पंप के निकट कई छोटे होटलों की छत उड़ गई। सबसे अधिक नुकसान चंपुआ में हुआ। इस आंधी ने दो घंटे में ही जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। हवा शुरू होते ही बिजली गुल हो गई। शाम चार बजे से बिजली गुल हुई जो तीस घंटे बाद भी बहाल नहीं हुई है। लोगों के घर में लगे इनवर्टर की बैटरी भी डिस्चार्ज हो गई है। लोग अंधेरे में हैं। बिजली नहीं रहने से जलापूर्ति व्यवस्था भी ठप रही। गुरुवार को भी ठीक उसी समय पर बारिश शुरू हुई, मगर हल्की रही। आंधी नहीं चली। बारिश से कोई नुकसान नहीं हुआ।


