भास्कर न्यूज | कवर्धा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कबीरधाम जिले से 191 वरिष्ठ नागरिकों का दल बुधवार को शिरडी, शनि सिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर के लिए रवाना हुआ। इस दल में विधवा और परित्यक्ता महिलाएं भी शामिल हैं। यात्रा 14 मई से शुरू होकर 17 मई को पूरी होगी। यात्रा से पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फोन पर यात्रियों से बात की। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार बुजुर्गों को सम्मान देने और उनके आध्यात्मिक जीवन को समृद्ध करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। तीर्थ दर्शन योजना इसी दिशा में एक अहम कदम है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। ये बसें राजनांदगांव बोर्डिंग स्टेशन तक जाएंगी। वहां से आगे की तीर्थ यात्रा की व्यवस्था की गई है। भजन से यात्रा की शुरुआत हुई पीजी कॉलेज मैदान में बने इंडोर स्टेडियम से तीर्थ यात्रियों को रवाना किया गया। यात्रा की शुरुआत भजन मंडली की प्रस्तुति के साथ हुई। वातावरण भक्तिमय हो गया। मौके पर जनप्रतिनिधि, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्राम पंचायत मजगांव की भजन मंडली मौजूद रही। जीवन में नई ऊर्जा भर रहे मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बुजुर्गों को न केवल धार्मिक यात्रा का अवसर देती है, बल्कि उन्हें सामाजिक सम्मान और आत्मसंतोष भी प्रदान करती है। यह योजना बुजुर्गों के जीवन में नई ऊर्जा और विश्वास भर रही है। इससे बुजुर्गों में उत्साह बढ़ा है।


