कचरे में लगी आग, पास खड़ी 2 बसें जलकर हुईं खाक

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के रामानुजगंज रोड़ स्थिति संजय पार्क के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खड़ी दो बसों में आग की लपटें उठने लगी। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आग की लपटों ने दोनों बसों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन आग बुझने की बजाए बढ़ती चली गई। इसके बाद कर्मियों ने विभाग को सूचना देकर पांच दमकल मंगवाई, तब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बता दें कि संजय पार्क के पास जिस जगह पर बस खड़ी थी, वहां गर्मी के मौसम में पत्ते झड़कर जमा हो गए थे। साथ ही वहां कचरा भी दूर तक फैला था। बुधवार को किसी ने वहां कचरा साफ करने के लिए आग लगा दी। वहीं कचरे और पत्ते में लगी आग धीरे-धीरे फैलती गई और बस तक जा पहुंची। सबसे पहले बस के टायर में आग लगी। इसके बाद पूरी बस में लपटें फैल गई। बस क्रमांक सीजी 15 एबी 0401 और सीजी 14 सी 1153 पिछले कई महीनों से वहीं खड़ी थी। इसी कारण से बस के नीचे भी कचरा जमा हो गया था। बस में जब आग लगी तो कांच गर्म होने के कारण टूटने की आवाज भी आ रही थी। आग लगने की घटना से बस मालिक को करीब 40 लाख का नुकसान हुआ है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है। आग लगने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सड़क किनारे ही खड़ी बस में आग लगने के कारण करीब एक घंटे के लिए अंबिकापुर रामानुजगंज को बंद कर दिया था, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई थी, जिसने व्यवस्था संभाली। बाद में आग बुझने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। दमकल के आने से पहले ऐसे धधक रही थी आग।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *