इंदौर में भोजपुरी समाज का छठ स्नेह मिलन समारोह:जो समाज अपने संस्कार, संस्कृति से दूर नहीं होता, वो हमेशा प्रगति करता है- विजयवर्गीय

जो समाज अपने संस्कार और संस्कृति से दूर नहीं होता है वो समाज हमेशा प्रगति करता है। इतिहास के पन्ने उठाकर देख लीजिए, जिस समाज ने अपने संस्कार खो दिए, अपनी संस्कृति खो दी, वो समाज ख़त्म हो गया। मुझे गर्व है कि भोजपुरिया समाज अपने संस्कार और संस्कृति को जीवंत रखा है। यह बात समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संतोष सभागृह में भोजपुरिया वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित छठ स्नेह मिलन समारोह को सम्बोधित करते हुए कही। समारोह में इस आयोजन में करणी सेना के धर्मेंद्र सिंह गौतम, भोजपुरिया वेलफेयर सोसाइटी के मार्गदर्शक शंभूनाथ सिंह, पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के प्रदेश महासचिव और वरिष्ठ पत्रकार के.के. झा और प्रदीप सिंह राजवाड़ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जहां रहे बिहारी, वहां सब पे भारी समारोह में छठ महापर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए विजयवर्गीय ने अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा, बंगाल में छह साल तक पार्टी का कार्यभार संभालते हुए मैंने देखा कि वहाँ पर छठ मैया की ऐसी पूजा होती है जैसे पूरा बंगाल बिहार बन जाता है। उन्होंने कहा- जहां रहे बिहारी, वहां सब पे भारी। उन्होंने भोजपुरिया समाज की ऊर्जा और छठ महापर्व की संस्कृति को भारत के सांस्कृतिक ताने-बाने की अद्भुत मिसाल बताया। इंदौर से दरभंगा, भागलपुर और रांची के लिए ट्रेन की मांग पूर्वोत्तर, भोजपुरिया तथा शहर के मैथिल समाज की ओर से इंदौर से दरभंगा, भागलपुर और रांची के लिए ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग पर विजयवर्गीय ने कहा, आप मेरे नाम से ज्ञापन दें, मैं रेल मंत्री से व्यक्तिगत तौर पर चर्चा करूंगा। इसके अलावा, उन्होंने पूर्वोत्तर समाज के सांस्कृतिक तथा सामाजिक आयोजनों के लिए शहर में समाज के लोगों द्वारा सरकारी भूमि चिन्हित करने के उपरांत और उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह कार्यक्रम में छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य और अन्य कार्यक्रमों ने समारोह को जीवंत बना दिया। भोजपुरिया वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष बटेश्वरनाथ सिंह ने बताया कि समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठजन, मेधावी छात्रों और संस्था के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में महासचिव मंकेश सिंह, अजय झा, सचिव हेमंत सिकरवार, कोषाध्यक्ष विनोद सिंह बैस, प्रदीप रजवाड़, शैलेंद्र सिंह, आमोद कुशवाह, दिलीप मिश्रा, देवेंद्र साहू, नंदलाल सिंह, हेमचंद पोद्दार, केशव सिंह, मनोज शर्मा, आलोक सिंह, प्रमोद सिंह, अरुण शर्मा, संजीत कुमार पांडेय, निर्मल मिश्रा, गुड्डू सिंह, राकेश सिंह पंवार, रामकिशोर पाल और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *