भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला-खरसावां जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में संत फ्रांसिस डी सेल्स स्कूल सरायकेला के मैदान में दो दिवसीय 22वें जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप का समापन हो गया। इसमें मुख्य अतिथि मेजबान विद्यालय के प्राचार्य आलविन जोसेफ व विशिष्ट अतिथि जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उपस्थित थे। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने चैंपियनशिप का संचालन करते हुए बताया कि लगभग नौ प्रखंड के स्कूल व विभिन्न क्लबों से 260 एथलीटों ने भाग लिया। दो दिवसीय चैंपियनशिप के पहले दिन संपन्न हुई स्पर्धा के अंडर-16 बालक वर्ग 600 मीटर दौड़ में लक्ष्मण पूर्ति प्रथम, करूनाकर देवगम द्वितीय व विश्वजीत सोय तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-16 बालिका वर्ग 600 मीटर दौड़ में सोनिया मुंडा प्रथम, सुषमा हेम्ब्रम द्वितीय व सोनी मार्डी तृतीय स्थान पर रही। अंडर-18 बालक वर्ग 1000 मीटर दौड़ में मिलन सोय प्रथम, चंदन नायक द्वितीय व सुमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-20 बालक वर्ग 800 मीटर दौड़ में आदित्य बेरा प्रथम, अमित लेंका द्वितीय स्थान पर रहे। अंडर-16 बालिका वर्ग शॉटपुट में रीता कुमारी प्रथम, ईशाना मंडल द्वितीय, सानिया उरांव तृतीय, अंडर-16 बालक वर्ग में आदित्य सिंह प्रथम व कृष्णा भूमिज द्वितीय, अंडर-18 बालिका वर्ग में लक्ष्मी सोरेन प्रथम, फूलमनी मुंडा द्वितीय और स्नेहा सिंह तृतीय, अंडर-18 बालक वर्ग में अश्मित कुमार प्रथम, हेरमब झा द्वितीय व मयानक बुरमान तृतीय स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तकनीकी पदाधिकारियों कोषाध्यक्ष विष्णु नारायण सिंह, कर्मु मंडल, चंदन कुमार, प्रीति कुमारी, मनीषा यादव, विष्णु उरांव, कमल नायक, लखन सरदार, प्रधान हांसदा, शिव कुमार प्रधान व संत फ्रांसिस डे सेल्स स्कूल सरायकेला के पीटी शिक्षक की सराहनीय भूमिका रही।


