गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सरकारी अधिकारी से 1.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई है। बंशीताल गांव में शेर सिंह आर्मो (61) कृषि अनुविभागीय विभाग में पदस्थ है। वे सुशासन तिहार के जिला स्तरीय कार्यक्रम में धनौली गांव में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को उनका दोस्त संतोष साहू बताया। उसने कहा कि उसके रिश्तेदार का हार्ट ऑपरेशन कराना है और इसके लिए पैसों की जरूरत है। मामला मरवाही थाना क्षेत्र का है। ठग ने शेर सिंह को एक खाता नंबर भेजा। फोन-पे की सेवा बंद होने के कारण, पीड़ित ने अपने सहयोगियों एस.एस. कंवर और एन.एस. कोर्राम की मदद से तीन किश्तों में 51,000, 49,000 और 50,000 रुपए भेज दिए। जब ठग ने 55,000 रुपए और मांगे, तब शेर सिंह को शक हुआ। उन्होंने असली संतोष साहू से संपर्क किया। तब पता चला कि न तो संतोष ने पैसे मांगे थे और न ही उनके रायपुर में रहने वाले परिवार ने। ठगी का पता चलते ही शेर सिंह ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


