भास्कर न्यूज | लातेहार रविवार शाम 5 बजे अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज गर्जन के साथ आधा घंटा तक मूसलाधार बारिश हुई। कई इलाकों में ओले भी गिरे। बारिश से शिवपुरी मोहल्ला, चंदनडीह, मेन रोड, गिजिनियाटांड़, बाजारटांड़ समेत कई जगहों पर जलजमाव हो गया। ग्रामीण इलाकों से भी पेड़ गिरने की खबरें आईं। तेज हवा से आम झड़ गए। सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। सुबह में तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे। दोपहर एक बजे के बाद धीरे धीरे मौसम में बदलाव देखी गई। आसमान में काले बादल छाए रहे। शाम पांच बजे के बाद तेज गर्जन के साथ भारी बारिश हुई। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले भर में औसत दो मिलीमीटर बारिश हुई। इधर, बारिश के बाद गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम सुहाना हो गया है। तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार 21 मई तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।


