भास्कर न्यूज | लातेहार प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर रविवार को मंडल कारा लातेहार में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में एसडीजेएम प्रणव कुमार शामिल हुए। उन्होंने कैदियों को उनके मुकदमों की स्थिति, प्ली बारगेनिंग, वन अधिनियम से जुड़े मामलों और सुलह योग्य वादों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डालसा कैदियों को हर संभव कानूनी सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत, मासिक लोक अदालत और मध्यस्थता के माध्यम से वादों के निपटारे की प्रक्रिया की जानकारी दी। एसडीजेएम ने बताया कि जो बंदी वकील रखने में असमर्थ हैं, उन्हें सरकारी अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने रिमांड के समय और जेल में रहने के दौरान मिलने वाले अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही जेल से रिहा होने के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और अपने कौशल को बढ़ाकर नया जीवन शुरू करने की अपील की। एलएडीसी के अधिवक्ता दीपक मिश्रा व राहुल कुमार ने कैदियों को उनके मामलों से जुड़ी अद्यतन की जानकारी दी। मौके पर पीएलवी, विधिक सेवा प्राधिकार, मंडल कारा के कर्मचारी कैदी आदि मौजूद थे।


