विधिक जागरूकता शिविर में विभागीय कर्मियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

भास्कर न्यूज | पाटन पाटन प्रखंड कार्यालय सभागार में रविवार को नालसा दिल्ली एवं झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) पलामू के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कोर्ट संख्या-8) आयशा खान ने विभागीय अधिकारियों और कर्मियों की अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आम लोगों के अधिकारों और कानून की जानकारी से जुड़ा है। ऐसे में सभी विभागीय कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने इस संबंध में रिपोर्ट डालसा अध्यक्ष को भेजने की बात कही। उन्होंने नागरिकों को विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं और न्यायिक सहायता के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्याय सबके लिए है, पर जानकारी के अभाव में गरीब और कमजोर वर्ग इससे वंचित रह जाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य ही आम लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी रविन्द्र सिंह ने किया। मौके पर उपस्थित अंचल अधिकारी राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हर नागरिक को अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे विधिक सहायता का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम को प्रखंड प्रमुख शोभा देवी और जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह ने भी संबोधित किया। मौके पर बीपीओ स्वीटी सिन्हा, बीपीआरओ अहमद हुसैन,एमओ ललन पासवान, पेशकार अभिषेक सिंह,पीएवी आशीष दुबे,इंदू देवी व अन्य लोग मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *