भास्कर न्यूज | दाढ़ी रविवार दोपहर करीब एक बजे उमरिया-बेमेतरा मार्ग में ग्राम बेरा मोड़ के पहले सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को कवर्धा की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दिया। इससे ट्रैक्टर में बैठे तीन युवक उछलकर खेत में गिर गए। इस हादसे में 25 वर्षीय देवचंद्र चंद्राकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे भोजराज यदु, सत्यम चंद्राकर ने बताया कि कवर्धा की तरफ से तेज रफ्तार व अनियंत्रित गति से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 09 जे ए 6812 के चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी है। इसके बाद ट्रक चालक फरार हो गया। घटना के समय बेमेतरा की तरफ से एसडीएम बेमेतरा प्रकाश भारद्वाज, आरआई देशमुख के साथ आ रहे थे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल देवचंद्र चंद्राकर को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।


