गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर आंधी-तूफान के दौरान वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल हुआ है। खेत में भूसा लेने गया था मृतकों में विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन का 18 वर्षीय बेटा तरुण कुमार देव शामिल है। वह आरके पब्लिक स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुआ था। तरुण अपनी मां के साथ खेत में भूसा लेने गया था। बारिश से बचने के लिए महुआ के पेड़ के नीचे खड़ा हुआ, तभी वज्रपात ने उसकी जान ले ली। अन्य दो मृतकों में लखेया गांव के 65 वर्षीय शंभू बैठा और रेजो गांव के 35 वर्षीय धर्मेंद्र राम हैं। दोनों टंडवा गांव के दिलीप कुमार (22) के साथ शंभू के घर पर एस्बेस्टस सीट लगा रहे थे। तेज हवा के कारण नीचे उतरकर खड़े हुए थे। पास के पेड़ पर वज्रपात हुई, जिससे तीनों घायल हो गए। दिलीप कुमार इलाजरत सभी घायलों को मेराल सीएचसी लाया गया। डॉ. दीपक कुमार सिन्हा ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तरुण, शंभू और धर्मेंद्र की मौत हो गई। दिलीप कुमार का इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर है।


