भास्कर न्यूज | उंटारी रोड पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देश पर स्कूली बच्चों के बीच जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को उंटारी रोड मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राएं थाना परिसर पहुंचे। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार दुबे ने बच्चों का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को कानून, साइबर ठगी, नशे से बचाव और सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी। थाना प्रभारी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें कानून की जानकारी होना जरूरी है। इससे उनका व्यक्तित्व मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि किसी भी परेशानी में 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से मदद ली जा सकती है। पुलिस को मित्र समझें और हर समस्या साझा करें। बच्चों को बताया गया कि प्राथमिकी कैसे दर्ज कराई जाती है और पुलिस से कैसा व्यवहार करना चाहिए। महिलाओं पर बढ़ते अपराधों पर चर्चा करते हुए उनसे बचने के उपाय बताए गए। अंधविश्वास से जुड़ी गलतफहमियों को दूर करने की जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना के समय घायलों की मदद कैसे करें, इसकी भी जानकारी दी गई। साइबर अपराध पर विशेष रूप से चर्चा की गई। बताया गया कि सोशल मीडिया और अनधिकृत एप से कई अपराध होते हैं। फोटो एडिटिंग और गेमिंग एप सुरक्षित नहीं होते। इनसे बचने की सलाह दी गई। अज्ञात नंबर से कॉल या वीडियो कॉल नहीं उठाने की हिदायत दी गई। युवाओं को मोबाइल से अनधिकृत एप हटाने की सलाह दी गई। कहा गया कि साइबर क्राइम और नशे से बचने के लिए खुद जागरूक होना जरूरी है। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभाव बताना चाहिए। महिला सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी भी छात्राओं को दी गई। मौके पर प्रधानाध्यापक उषा, शिक्षक धर्मेंद्र गुप्ता, एसआई संजय कुमार, जितेंद्र नायक, जेवियर मिंज और पुलिस बल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


